चुनाव प्रचार / जेवीएम की सरकार बनी तो सख्ती से लागू किया जाएगा सीएनटी/एसपीटी एक्ट : बाबूलाल मरांडी

रांची. झारखंड में जेवीएम की सरकार बनते ही सीएनटी/एसपीटी एक्ट कड़ाई से लागू किया जाएगा। जेवीएम प्रमुख सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने शनिवार को तमाड़ में पार्टी प्रत्याशी प्रेम शाही मुण्डा की चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उक्त बातें कही। मरांडी ने झारखंड में व्याप्त अव्यवस्था जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई आदि पर सरकार को घेरते हुए कहा कि बीजेपी सरकार द्वारा बन्द किये गए स्कूलों को जेवीएम की सरकार बनने के एक महीने बाद ही खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव-गांव में खोले गए उपकेंद्रों में 24 घंटे चिकित्सा सेवा, हर घरों में नल और खेतों में पानी उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि जेवीएम ही एक ऐसी पार्टी है जिसने राज्य के 81 सीटों पर प्रत्याशी देने का काम किया है।


राज्य में विकास कार्य कोसों मील गया पीछे
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा की रघुवर सरकार के कार्यकाल में उनकी गलत नीति के कारण जनता अपने-आपको ठगा महसूस कर रही है। अब जनता निजात पाना चाहती है। राज्य में भय, भूख, भ्रष्टाचार, सरकारी दमन एवं शोषण चरम सीमा पार कर चुकी है। संविधान और कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही है। राज्य में विकास के काम काफी पीछे चले गए हैं। रोजगार की स्थिति बद से बदत्तर है, राज्य से लाखों लोग पलायन करने पर मजबूर हैं और राज्य सरकार हाथी उड़ाने में व्यस्त हैं। 


हमारी सरकार बनते ही ज्वलंत मुद्दों के समाधान को प्राथमिकता
मरांडी ने कहा क हमारी पार्टी की सरकार बनते ही ज्वलंत मुद्दों के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी। हमने आधुनिक झारखंड की परिकल्पना के साथ राज्य के सभी 81 विधानसभा सीट पर अपना प्रत्याशी दिया है। भाजपा में नेताओं की कमी है जिस कारण अन्य पार्टी के नेताओं को बुला रहे हैं। 


पुरानी पेंशन योजना फिर होगी लागू
मरांडी ने कहा कि हमारी पार्टी की सरकार बनती है तो कर्मियों के पुराने पेंशन योजना को फिर से लागू किया जाएगा, महिलाओं को 50% और पिछड़ा वर्ग को 27% आरक्षण की व्यवस्था की जाएगी। स्वास्थ्य, शिक्षा, बेरोजगारी, खेती के लिए सिंचाई को विशेष महत्त्व दिया जाएगा। खान-खनन में स्थानीय लोगों को मालिकाना हक प्राप्ति के लिए समता जजमेंट लागू की जाएगी।